BIHAR NEWS : मंत्री श्रवण कुमार ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी के निधन पर जताया शोक
पटना: राज्य के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री–सह-जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने उत्तराखंड की राजनीति के सबसे सख्त,ईमानदार और अनुशासित चेहरों में शामिल रहे पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेनि) भुवनचंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.उन्होंने कहा कि देश ने आज एक कदावर नेता खो दिया है.निकट भविष्य में भारतीय राजनीति में इस खालीपन को दूर करना काफी मुश्किल होगा.देश एवं राज्य की जनता उनके निधन से काफी मर्माहत हैं.
श्रवण कुमार ने स्व. खंडूरी की पवित्र आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके शुभचिंतकों एवं परिवार के सदस्यों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है. श्रवण कुमार ने कहा कि 1 अक्टूबर,1934 को देहरादून में जन्मे भुवनचंद्र खंडूड़ी ने राजनीति में आने से पहले भारतीय सेना में लंबी सेवा दी है. वह भारतीय सेना के अभियंत्रण कोर में अधिकारी रहे. वर्ष 1954 में वह भारतीय सेना में सेकेंड लेफ्टिनेंट के पद पर भर्ती होकर वर्ष 1991 में मेजर जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए.
36 वर्ष के लंबे कार्यकाल में उन्होंने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध, वर्ष 1965 और वर्ष 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध में भी हिस्सा लिया. वर्ष 1983 में उन्हें उनकी सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किया गया. सेना से मेजर जनरल के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन का रास्ता चुना. स्व. खंडूड़ी पहली बार वर्ष 1991 में गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए तथा पांच बार सांसद रहे. स्व. खंडूड़ी वर्ष 2007-09 और 2011-12 में दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे.