BIHAR NEWS : बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव 2026 का सूचना-जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन
पटना:पूर्वी चंपारण के सिसवा में आयोजित“बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव”2026 को संबोधित करते हुए सूचना एवं जनसम्पर्क,ग्रामीण विकास विभाग सह जदयू विधायक दल के नेता व पूर्वी चम्पारण जिला के प्रभारी मंत्री,श्रवण कुमार कुमार ने कहा कि भगवान बुद्ध से बिहार की सांस्कृतिक छवि विश्वभर में मजबूत हुई है. इसके लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को श्रेय देते हुए कहा कि उनके प्रयास से वर्ष 2015 में 25 फीट लंबी भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया गया था. उनके नेतृत्व में बिहार में ऐतिहासिक,धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है. नालन्दा विश्वविद्यालय के पुनर्जीवन,बौद्ध सर्किट के विकास,राजगीर,बोधगया,केसरिया और वैशाली जैसे स्थलों के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
कार्यक्रम का उद्घाटन बुधवार को सूचना-जनसंपर्क मंत्री,जदयू प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक उमेश सिंह कुशवाहा और वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर वट्ट थाई बुद्ध टेम्पल केसरिया के प्रमुख बौद्ध भिक्षुक डॉ. पी.सी. चन्द्राश्री मौजूद रहे. इस प्रतिमा को स्थापित करने में भूतपूर्व सांसद स्वर्गीय बैजनाथ प्रसाद महतो की भी भूमिका विशेष रूप से रही है.
सिसवा की बुद्ध प्रतिमा भारत-थाईलैंड मैत्री का प्रतीक
सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बुद्ध महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि शान्ति करूणा,मानवता और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाला आध्यात्मिक पर्व है. विश्वास जताया कि सिसवा का बुद्ध महोत्सव आनेवाले समय में राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा. पूर्वी चम्पारण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण रही है. भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक मैत्री,बौद्ध परम्परा और वैश्विक शान्ति का प्रतीक है.
बुद्ध के विचार मानवता के लिए नई दिशा
मंत्री ने कहा कि बिहार की धरती सदियों से ज्ञान,तप,त्याग और आध्यात्मिक चेतना की भूमि रही है. यही वह पावन प्रदेश है,जहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया,मानवता को मध्यम मार्ग का संदेश दिया और दुनिया को अहिंसा और करूणा का मार्ग दिखाया है. भगवान बुद्ध ने कहा था "स्वयं अपने दीपक बनो" यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना हजारो वर्ष पूर्व था. आज का समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है. हिंसा,तनाव,समाजिक विभाजन और नैतिक पतन जैसी समस्याएं विश्व के सामने खड़ी हैं. ऐसे समय में भगवान बुद्ध का विचार मानवता को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं.
इस अवसर पर सिकटा के विधायक समृद्ध वर्मा, नरकटियागंज विधायक विशाल कुमार शाह, पूर्व सांसद राम कुमार शर्मा, पूर्व विधान पार्षद सतीश प्रसाद, विरेन्द्र सिंह दांगी, शम्भु कुशवाहा, भरत पटेल, रतन पटेल, जगबहादुर कुशवाहा, नार्गाजुन कुशवाहा और कन्हैया कुशवाहा मौजूद रहे.





