Hindi News / पटना में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे कई बड़े कोचिंग,खान और रौशन सर के...

BIHAR NEWS : पटना में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे कई बड़े कोचिंग,खान और रौशन सर के संस्थान भी चर्चा में

Edited By:  |
bihar news

पटना:राजधानी में कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण को लेकर शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार कोचिंग संस्थानों के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए शुरू किया गया पोर्टल पिछले पांच महीने से बंद पड़ा है. जिससे नए और पुराने कोचिंग संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. फरवरी 2025 में जिला प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था और इसके बाद ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया बंद कर दी गई थी.हालांकि एक साल बाद फरवरी 2026 में यह पोर्टल बंद हो गया और तब से दोबारा शुरू नहीं हो सका है.

आंकड़ों के मुताबिक,12 अन्य आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी

जिला शिक्षा कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक पटना जिले में अब तक 529 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं. पोर्टल शुरू होने के बाद 38 आवेदन प्राप्त हुए थे,जिनकी जांच कर उन्हें सही पाया गया. फिलहाल 12 अन्य आवेदनों की जांच प्रक्रिया चल रही है.

खान सर को नहीं मिला NOC

रिपोर्ट के अनुसार मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर की कोचिंग ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया है और स्थल जांच भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक उसे एनओसी जारी नहीं की गई है. वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग, जिसे रौशन सर से जोड़ा जाता है, अब तक पंजीकरण के लिए आवेदन ही नहीं किया है. इसके अलावा बोरिंग रोड स्थित खान सर की एक अन्य कोचिंग के लिए भी आवेदन प्राप्त नहीं होने की बात कही गई है.

बिना पंजीकरण के कोचिंग संस्थान संचालित करने पर 1 लाख तक लगेगा जुर्माना

नियमों के अनुसार बिना पंजीकरण कोचिंग संस्थान संचालित करने पर एक लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है और प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है. पंजीकरण के लिए भवन का न्यूनतम क्षेत्रफल, शौचालय, फायर सेफ्टी और अन्य मानकों को पूरा करना अनिवार्य है. इस पूरे मामले ने राजधानी के कोचिंग संस्थानों की वैधता और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.