BIHAR NEWS : प्रशांत किशोर ने विधायक पद की ली शपथ, बिहार के लिए बताया अपना संकल्प
पटना:बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी को हराने के बाद जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के बाद प्रशांत किशोर ने विधानसभा की सदस्यता को अपने लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी का क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि जिस सदन में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, कृष्ण बाबू, अनुग्रह नारायण सिंह, नीतीश कुमार, लालू यादव, रामविलास पासवान और सुशील मोदी जैसे नेताओं ने काम किया, उसका सदस्य बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इन नेताओं के कार्यों से प्रेरणा लेकर बिहार की बेहतरी के लिए काम करने का संकल्प जताया।
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19,246 वोटों के अंतर से हराया था। उन्हें 64,117 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 44,794 मत प्राप्त हुए। इस जीत के बाद विधानसभा में उनकी भूमिका पर राजनीतिक गलियारों की नजर है।
विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य भी रखा है। उन्होंने युवाओं से सीवी और बायोडाटा जमा करने की अपील की है। उनका लक्ष्य अगले एक-दो वर्षों में कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
अब विधानसभा के भीतर रोजगार, शिक्षा, पलायन और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रशांत किशोर का रुख अहम माना जा रहा है। लखीसराय के अशोकधाम हादसे पर भी उन्होंने दुख जताया और घटनास्थल जाने की बात कही।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट