BIHAR NEWS : चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय के सम्मान में पटना हाईकोर्ट में स्वागत समारोह आयोजित
Patna : पटना हाईकोर्ट की नयी चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय के सम्मान में शुक्रवार को हाईकोर्ट के शताब्दी हाल में स्वागत समारोह आयोजित किया गया. चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय ने अपने स्वागत समारोह में भावपूर्ण सम्बोधन में सबका धन्यवाद ज्ञापन किया और सबसे सहयोग की आशा और अपेक्षा की. बता दें कि चीफ जस्टिस मदन राय आज ही पटना हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के पद पर शपथ ली है. राज्यपाल ने उन्हें लोकभवन में शपथ दिलाई है.
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान और धर्म का गढ रहा है. यहां की परम्परा और संस्कृति बहुत ही समृद्ध है. उन्होंने पटना हाईकोर्ट में बुनियादी जरूरतों को सुलझाने में साथी जजों और बार का सहयोग मांगा.
जस्टिस सुधीर सिंह ने अपने स्वागत भाषण में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वे सिक्किम हाईकोर्ट की पहली महिला बनी. उन्होंने सिक्किम हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस के रूप में कई बार कार्यरत रहीं.
राज्य सरकार की ओर से स्वागत करते हुए महाधिवक्ता पी के शाही ने कहा कि आपको सहयोग देने के लिए हमलोग तत्पर हैं. बिहार धर्म और ज्ञान की भूमि है. इसके पुरानी संस्कृति और संस्कारों को आज भी महसूस किया जा सकता है.
एडिशनल सालिसिटर जनरल के एन सिंह ने चीफ जस्टिस राय का स्वागत करते हुए यह आश्वासन दिया कि उन्हें उनके कार्यों में सहयोग मिलेगा.
बिहार राज्य बार काउंसिल के.अध्यक्ष रामाकांत शर्मा,एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा,लायंस एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत,बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह ने भी चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन रॉय के स्वागत समारोह में अपने भाव व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया.
इस अवसर पर बडी संख्या में अधिवक्तागण,अधिकारीगण,सिक्किम हाईकोर्ट से आए अधिकारी और चीफ जस्टिस राय के परिवार के लोग भी उपस्थित थे.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-