लोहरदगा:जिले के बक्शी दीपा जंगल क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नवनिर्मित जैव विविधता उद्यान पार्क का भव्य उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सांसद सुखदेव भगत एवं विशिष्ट अतिथि निशिथ जायसवाल ने संयुक्त रूप से पार्क का उद्घाटन किया और शिलापट्ट का अनावरण कर लोहरदगा वासियों को प्रकृति संरक्षण से जुड़ी एक नई सौगात समर्पित की. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
यह जैव विविधता उद्यान प्राकृतिक वातावरण के संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है. घने जंगलों के बीच निर्मित इस पार्क में स्थानीय वनस्पतियों, औषधीय पौधों और जैव विविधता को संरक्षित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई है. साथ ही इसे पर्यावरण शिक्षा एवं पर्यटन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
विशिष्ट अतिथि निशिथ जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है. लगातार बढ़ते प्रदूषण, जंगलों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच इस प्रकार के जैव विविधता उद्यान समाज को प्रकृति के महत्व से जोड़ने का कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जरूरी है. ऐसे उद्यान न केवल लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेंगे, बल्कि बच्चों और युवाओं को प्रकृति को करीब से समझने का अवसर भी प्रदान करेंगे.
वहीं, मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोहरदगा को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है. उन्होंने कहा कि जंगल और पर्यावरण हमारी धरोहर हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. जैव विविधता उद्यान केवल एक पार्क नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है, जो लोगों को हरियाली, वन्य संपदा और पर्यावरण संतुलन के महत्व को समझाने का कार्य करेगा. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
समारोह के दौरान अतिथियों ने पार्क परिसर का निरीक्षण भी किया तथा यहां विकसित की गई संरचनाओं और पौधारोपण कार्यों की जानकारी ली. स्थानीय लोगों ने भी पार्क के निर्माण को जिले के लिए एक सकारात्मक पहल बताते हुए खुशी जाहिर की. लोगों का कहना था कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.
इस मौके पर डीडीसी राज महेश्वरम,डीएफओ अभिषेक कुमार, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, अमित वर्मा, वनपाल किशोर कुमार, विक्की मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया.

