Hindi News / डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रुप में...

BIHAR NEWS : डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ लेने पर दी बधाई

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन,विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं.

बिहार में सुदृढ़ आधारभूत संरचना,बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था,महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रभावी पहल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है. 2005 से पहले अदालत ने भी जिस बिहार को जंगलराज का उपमा दिया था,वहां नीतीश कुमार जी ने सुशासन स्थापित करने का काम किया.

चौधरी ने कहा कि न्याय के साथ विकास के मंत्र के साथ बिहार ने प्रगति और समावेशी विकास का नया अध्याय लिखा है. उन्होंने कहा कि आधी आबादी को सम्मान देने के लिए पंचायत और निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया,जो पूरे देश के लिए अनुकरणीय उदाहरण बना.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार का करीब चार दशकों का संसदीय अनुभव रहा है. इस दौरान वे लोकसभा और बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य रहे हैं. साथ ही,अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने रेल मंत्री और कृषि मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और ऐतिहासिक निर्णय के भागीदार बने.

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही नीतीश कुमार उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं,जो चारों सदनों के सदस्य रहे हैं. चौधरी ने विश्वास जताया कि राज्यसभा में उनका अनुभव,दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण देश की नीतियों को नई दिशा देगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट--