BIHAR NEWS : सीएम सम्राट चौधरी एक्शन मोड में, तीन विभागों की बड़ी समीक्षा, लापरवाही पर सख्ती, तेज़ काम और जवाबदेही के निर्देश
पटना: बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पदभार संभालते ही पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. उन्होंने शनिवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में तीन अहम विभागों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की,जिसमें शासन-प्रशासन की कार्यशैली को लेकर कड़े संकेत दिए गए.
इस महत्वपूर्ण बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग,सिविल विमानन विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में मुख्य सचिव,विकास आयुक्त सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने विभिन्न योजनाओं,प्रोजेक्ट्स और उनकी वर्तमान प्रगति को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया.
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने लंबित योजनाओं और धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को तय समयसीमा में तेजी से पूरा किया जाए और विकास योजनाओं की गति को दोगुना किया जाए.
सीएम ने प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ‘जीरो टॉलरेंस’की नीति अपनाने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही,अधिकारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए,ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े.
समीक्षा बैठक के बाद तीनों विभागों को कामकाज में सुधार,समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने और जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए. मुख्यमंत्री का यह रुख साफ संकेत देता है कि राज्य में अब तेज और परिणाम आधारित शासन को प्राथमिकता दी जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-