BIHAR NEWS : गयाजी में 15 साल बाद महायज्ञ का आगाज, 501 कलश यात्रा से गूंजा विष्णुपद मंदिर परिसर
गया जी: शहर के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर परिसर में 15 वर्षों बाद श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. विश्व शांति और लोक कल्याण की भावना से आयोजित इस महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. शनिवार को इसकी शुरुआत 501 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा से हुई,जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर भक्ति भाव से शामिल हुईं.
गाजे-बाजे,ऊंट-घोड़े के साथ निकली यह यात्रा विष्णुपद मंदिर से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सूर्यकुंड सरोवर पहुंची,जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी की रस्म पूरी की गई. इसके बाद यात्रा पुनः मंदिर लौटी और यज्ञ मंडप में कलशों की स्थापना की गई.
इस संबंध में विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य मणि लाल बारीक ने बताया कि 19 अप्रैल को अग्निस्थापना और मंडप पूजन होगा,जबकि 20 से 26 अप्रैल तक विधिवत महायज्ञ चलेगा.
इस दौरान श्रद्धालु भी कूपन लेकर हवन में भाग ले सकेंगे. साथ ही श्रीराम कथा का आयोजन भी प्रतिदिन शाम 7 से 10 बजे तक किया जा रहा है.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मंदिर परिसर में 55 सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है,ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
वहीं स्थानीय श्रद्धालु रीता कुमारी ने बताया कि श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ आज से हुआ है,जहां कलश यात्रा में हम लोग शामिल हुए हैं. विश्व कल्याण के उद्देश्य के साथ इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. धार्मिक वातावरण में कलश यात्रा निकाली गई है,जिसमें हम लोग शामिल हुए हैं.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--





