BIHAR NEWS : राजस्व एवं भूमि सुधार सचिव ने अधिकारियों को 15 अगस्त तक विशेष भूमि सर्वेक्षण का लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश
पटना: बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है.राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि 15 अगस्त 2026 तक विशेष भूमि सर्वेक्षण का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए.उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करें.
शुक्रवार को सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अरवल,जहानाबाद,शेखपुरा,लखीसराय और शिवहर जिलों में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.बैठक में भू अभिलेख एवं परिमाप के निदेशक सुहर्ष भगत,विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने संबंधित जिलों के बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक सर्वेक्षण कार्य से जुड़े सभी लंबित चरणों और आवश्यक प्रक्रियाओं को हर हाल में पूरा कर लिया जाए,ताकि 15 अगस्त तक सर्वेक्षण कार्य का समापन सुनिश्चित किया जा सके.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी जिलों में प्रतिदिन कार्यों की निगरानी की जाए और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए.किसी भी कारण से सर्वेक्षण कार्य की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए.सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि समयसीमा का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का मानना है कि विशेष भूमि सर्वेक्षण पूरा होने से भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने,स्वामित्व संबंधी विवादों को कम करने तथा जमीन से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने में मदद मिलेगी.इसी उद्देश्य से विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--