Hindi News / मन की बात, सेवा संकल्प और सामाजिक समरसता अभियान को सफल बनाने में...

BIHAR NEWS : मन की बात, सेवा संकल्प और सामाजिक समरसता अभियान को सफल बनाने में जुटेगा भाजपा संगठन - संजय सरावगी

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को अपने दरभंगा स्थित आवास से‘मन की बात’के 137वें संस्करण, ‘सेवा संकल्प अभियान’एवं‘श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’के निमित्त आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की. उन्होंने संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के साथ बैठक को संबोधित किया.

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों,संगठनात्मक विषयों और अभियानों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सभी कार्यक्रमों को प्रभावी,व्यापक और जनभागीदारी वाला बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा का संगठन सेवा,समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर समाज के बीच काम करता है.‘सेवा संकल्प अभियान’के माध्यम से सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का‘मन की बात’कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है. इसके जरिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों और देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि‘मन की बात’के 137वें संस्करण को बूथ स्तर तक अधिक से अधिक लोगों के साथ सुना जाए और प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए.

प्रदेश अध्यक्ष ने‘श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’को सामाजिक एकता और समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान बताया. उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समानता,सामाजिक सद्भाव और मानवता का संदेश देता है. भाजपा उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समाज के साथ निरंतर संवाद से होती है. आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटे.

बैठक में संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-