बिहार में शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया तेज : 61,558 आवेदन प्राप्त,7 अगस्त से समितियों की बैठकें,सितंबर में 3 चरणों में तबादले
पटना:बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण को लेकर आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई है.शिक्षा विभाग को निर्धारित समय सीमा तक कुल 61 हजार 558 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। बुधवार शाम चार बजे आवेदन की अंतिम समय-सीमा समाप्त होने के बाद विभाग ने अगले चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, 7 अगस्त से 9 सितंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में समानीकरण के आधार पर सरप्लस शिक्षकों के समायोजन पर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद संबंधित शिक्षकों की सूची जारी की जाएगी और प्राप्त आपत्तियों एवं अपीलों का भी निस्तारण किया जाएगा।
समायोजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थानांतरण का दूसरा चरण शुरू होगा। 10 सितंबर से 14 सितंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों की ओर से शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण का निष्पादन किया जाएगा। इस दौरान पात्र शिक्षकों को उनकी निर्धारित प्राथमिकताओं के आधार पर नई तैनाती दी जाएगी।
इसके बाद तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 16 सितंबर को विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इन्हीं रिक्तियों के आधार पर सामान्य तबादलों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पूरी प्रक्रिया से स्कूलों में शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित होगा। जहां शिक्षकों की कमी है वहां रिक्तियां भरी जा सकेंगी, जबकि अधिक संख्या वाले विद्यालयों से समायोजन कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जाएगा।