Hindi News / 13 अगस्त तक 11 लाख नए कार्ड बनेंगे,15 अगस्त तक पात्र परिवारों को...

बिहार में राशन कार्ड महाअभियान तेज : 13 अगस्त तक 11 लाख नए कार्ड बनेंगे,15 अगस्त तक पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ

Edited By:  |
bihar mein ration card mahaabhiyan tej

पटना:बिहार सरकार ने राशन कार्ड निर्माण और वितरण को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 13 अगस्त तक 11 लाख नए राशन कार्ड तैयार करने और 15 अगस्त तक सभी पात्र परिवारों को कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए विभाग ने लंबित सभी आवेदनों का तेजी से निष्पादन करने के निर्देश जारी किए हैं।

विशेष सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि लंबित सभी ऑफलाइन आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन दर्ज कर उनकी प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि पात्र परिवारों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके।

विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रतिदिन करीब 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इस गति को बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र लाभुकों तक कार्ड पहुंचाने की तैयारी की गई है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी पात्र परिवार का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

समीक्षा बैठक में जिलों की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और अभियान को मिशन मोड में चलाने का निर्देश दिया गया। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के सभी पात्र परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें। विभाग ने सभी जिलों से लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए 15 अगस्त तक राशन कार्ड वितरण सुनिश्चित करने को कहा है। यह अभियान राज्य में खाद्य सुरक्षा योजना के दायरे को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।