बिहार में LPG हुआ महंगा : उपभोक्ताओं पर बढ़ा महंगाई का बोझ,पटना में कीमत 1032 रुपये पहुंची
पटना:घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें लागू होने के बाद बिहार में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है. राजधानी पटना में अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1032 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में इसकी कीमत 942 रुपये हो गई है.
पिछले तीन महीनों में घरेलू LPG की दूसरी मूल्य वृद्धि
यह पिछले तीन महीनों में घरेलू LPG की दूसरी मूल्य वृद्धि है. इससे पहले 7 मार्च को सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी. लगातार दूसरी बार कीमत बढ़ने से आम परिवारों के मासिक बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है. खासकर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों को रसोई खर्च के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ेगी.
वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता के कारण पड़ रहा असर
उद्योग सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता के कारण LPG की आयात लागत में वृद्धि हुई है. इसी वजह से कंपनियों ने घरेलू गैस की कीमतों में संशोधन किया है. विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है.
अन्य ईंधनों की कीमतों में भी हाल के दिनों में हुई बढ़ोतरी
गौरतलब है कि LPG के साथ-साथ अन्य ईंधनों की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मई के मध्य से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हो चुकी है. ऐसे में ईंधन कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी महंगाई की चिंता को और बढ़ा रही है. घरेलू गैस के दाम बढ़ने से बिहार सहित देशभर के लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा.