Hindi News / मंत्रियों के बाद जिलों में प्रभारी सचिव नियुक्त,विकास योजनाओं की अब सख्त मॉनिटरिंग

बिहार में 34 IAS की तैनाती : मंत्रियों के बाद जिलों में प्रभारी सचिव नियुक्त,विकास योजनाओं की अब सख्त मॉनिटरिंग

Edited By:  |
bihar mein 34 IAS tainat

पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 34 IAS अधिकारियों की नई तैनाती कर दी है. राज्य सरकार ने इन सभी अधिकारियों को विभिन्न जिलों का प्रभारी सचिव नियुक्त किया है, जिसका उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की निगरानी को और अधिक मजबूत करना है. यह निर्णय मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से जारी आदेश के माध्यम से लागू किया गया है, जिसमें अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रभारी सचिव अपने-अपने जिलों में चल रही विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेंगे. साथ ही, जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक कार्यों की स्थिति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल होगी. इस कदम से जिला स्तर पर शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की कोशिश की गई है.

जारी सूची के अनुसार पटना जिले का प्रभारी सचिव विनय कुमार को बनाया गया है,जबकि नालंदा जिले की जिम्मेदारी कुमार रवि को दी गई है. गया में रॉबर्ट एल चोंग्थू, भोजपुर में संतोष कुमार मल्ल और सारण में पंकज कुमार को तैनात किया गया है. मधुबनी में नर्मदेश्वर लाल और दरभंगा में राजेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसके अलावा मुंगेर में पंकज कुमार पाल, पश्चिमी चंपारण में अभय कुमार सिंह और बक्सर में अजय कुमार यादव को प्रभारी सचिव बनाया गया है। कैमूर में दिवेश सेहरा, रोहतास में संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी और औरंगाबाद में मनोज कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। भागलपुर में दीपक आनंद, समस्तीपुर में प्रणव कुमार और पूर्णिया में कार्तिकेय धनजी को नियुक्त किया गया है.

सरकार ने कटिहार, किशनगंज और जमुई सहित अन्य जिलों में भी नई तैनाती की है। वहीं कई जिलों को संयुक्त रूप से प्रभारी सचिव दिए गए हैं, जिनमें अरवल-जहानाबाद, शिवहर-सीतामढ़ी, शेखपुरा-लखीसराय और मधेपुरा-खगड़िया शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इस कदम से विकास योजनाओं में तेजी आएगी और प्रशासनिक पारदर्शिता मजबूत होगी.