बिहार में संभावित बाढ़ पर केंद्र की नजर : अमित शाह ने सम्राट चौधरी से फोन पर बात कर हर मदद का भरोसा दिया
पटना: बिहार में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं. नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति के बाद गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. इसे देखते हुए संवेदनशील जिलों में प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है.
इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बातचीत कर राज्य के मौजूदा हालात की जानकारी ली. दोनों नेताओं के बीच संभावित बाढ़ की स्थिति और इससे निपटने के लिए राज्य सरकार की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई. गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों,प्रशासनिक तैयारियों और राहत-बचाव व्यवस्था की जानकारी ली.
बातचीत के दौरान अमित शाह ने बिहार को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया. केंद्र की ओर से जरूरत के अनुसार राहत और बचाव संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही गई है. राज्य में संभावित बाढ़ की स्थिति पर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए है.
नेपाल में फ्लैश फ्लड की सूचना के बाद बिहार सरकार ने भी उच्चस्तरीय समीक्षा की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है. गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण,पूर्वी चंपारण,गोपालगंज,सारण,मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
सरकार ने बांधों और तटबंधों की लगातार निगरानी,कमजोर हिस्सों पर तत्काल कार्रवाई तथा रात में विशेष नाइट पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में लाउडस्पीकर से लोगों को चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है.NDRFऔरSDRFकी टीमें भी तैनात रखी गई हैं.
फिलहाल प्रशासन संभावित स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव सुनिश्चित करने की तैयारी में जुटा है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--