रांची : आधुनिक व सुव्यवस्थित होंगे बाजार,पुरानी संरचनाओं का होगा पुनर्विकास
रांची:आने वाले समय में राजधानी के प्रमुख बाजार न सिर्फ आधुनिक और सुव्यवस्थित नजर आएंगे,बल्कि इन बाजारों में खरीदारी, व्यापार और आवागमन की बेहतर सुविधाएं भी होंगी. रांची नगर निगम की ओर से मेन रोड स्थित एसके सहाय डेली मार्केट,रातू रोड स्थित न्यू मार्केट,खादगढ़ा बस स्टैंड, बकरी बाजार की पुरानी संरचनाओं का पुनर्विकास कर उन्हें वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर, सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिक केंद्रित व्यावसायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि रांची नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के सुनियोजित पुनर्विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में पहल तेज कर दी गई है. नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) की ओर से डेली मार्केट,न्यू मार्केट और अपर बाजार समेत प्रमुख बाजार क्षेत्रों के पुनर्विकास से संबंधित लेआउट और डिजाइन का विस्तृत प्रजेंटेशन दिया गया है. प्रस्तावित योजनाओं में आधुनिक व्यावसायिक परिसरों के साथ मल्टी-लेवल पार्किंग,बेहतर यातायात प्रबंधन,सुगम आवागमन,स्वच्छता व्यवस्था,नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के विकास को प्रमुखता दी गई है.इसका उद्देश्य सिर्फ पुराने बाजारों की संरचनाओं का पुनर्निर्माण करना नहीं,बल्कि उन्हें वर्तमान और भविष्य की शहरी आवश्कताओं के अनुरूप बेहतर,सुरक्षित,व्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित व्यावसायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना है.
नगर आयुक्त ने बताया कि बाजारों के पुनर्विकास की योजना तैयार करते समय विभिन्न श्रेणी के दुकानदारों की व्यावसायिक आवश्यकताओं को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है. दुकानों की प्रस्तावित संरचना,आकार और उपलब्ध स्थान का निर्धारण इस प्रकार किया जा रहा है ताकि छोटे,मध्यम और बड़े दुकानदारों को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त और व्यावहारिक स्थान उपलब्ध हो सके. उन्होंने बताया कि इन योजनाओं को उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुनर्विकास के बाद बाजार में व्यवसाय करने वाले सभी दुकानदार अपने-अपने कारोबार को सुगमतापूर्वक, व्यवस्थित और बेहतर तरीके से संचालित कर सकें। साथ ही दुकानों की डिजाइन और संरचना में ग्राहकों के आवागमन, दुकानों के संचालन, माल के रखरखाव, व्यावसायिक गतिविधियों की सुविधा और भविष्य में व्यापार के विस्तार जैसी आवश्यकताओं का भी समुचित ध्यान रखा गया है.
इस प्रकार,प्रस्तावत पुनर्विकास में व्यापारियों की सुविधा और आम लोगों के बेहतर बाजार अनुभवों के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि प्रस्तावित लेआउट और डिजाइन में आवश्यक व्यावहारिक बदलाव करने का भी निर्देश दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बाजारों के पुनर्विकास में पार्किंग,यातायात व्यवस्था,सुगम आवागमन और आम लोगों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही यह भी कहा कि इन योजनाओं को लेकर विभिन्न स्तरों से सुझाव आ रहे हैं और कई चरणों की बैठक के बाद ही इसे अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रांची के समग्र व संतुलित विकास के लिए आधारभूत ढांचे का निर्माण जितना आवश्यक है,उतना ही जरूरी शहर के पुराने और महत्वपूर्ण बाजार क्षेत्रों को भी आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप पुनर्विकसित करना है.
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची के बाजारों को यह पुनर्विकास शहर की व्यवस्थित, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण शहरी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ बेहतर पार्किंग, सुगम यातायात, स्वच्छता, नागरिक सुविधाएं और व्यवस्थित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराकर बाजार क्षेत्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.
एसके सहाय डेली मार्केट: मेन रोड स्थित एसके सहाय डेली मार्केट लगभग 2.16 एकड़ क्षेत्र में अवस्थित है। आने वाले समय में यहां आधुनिक व्यावसायिक और पार्किंग सुविधाओं की सुविधा होगी. एनबीसीसी की ओर से यहां पार्किंग के लिए अत्याधुनिक सुविधा और दो कामर्शियल-कम-होटल भवनों के लिए संरचना का प्रावधान किया गया है.
न्यू मार्केट: रातू रोड स्थित न्यू मार्केट लगभग 2.16 एकड़ क्षेत्र में अवस्थित है. यहां त्रिकोणीय भू-भाग में आधुनिक दुकान और कार्यालय परिसर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. साथ ही व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना है.
खादगढ़ा बस स्टैंड:खादगढ़ा बस स्टैंड स्थित लगभग एक एकड़ भूमि पर आधुनिक कामर्शियल-कम-होटल भवन विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
बकरी बाजार: बकरी बाजार स्थित नगर निगम की भूमि पर आधुनिक कामर्शियल कांप्लेक्स के विकास के लिए डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया गया है. प्रस्तावित परिसर में पूर्व में अपर बाजार क्षेत्र में नगर निगम की दुकानों के आवंटनधारियों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया है.





