बिहार में औद्योगिक क्रांति की तैयारी : 11 मेगा पार्क, 38 फूड पार्क और 50 हजार एकड़ भूमि बैंक का लक्ष्य
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्योग विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने राज्य में 11 मेगा पार्क और सभी 38 जिलों में फूड पार्क स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम करने को कहा. साथ ही औद्योगिक विकास के लिए 50 हजार एकड़ का भूमि बैंक तैयार करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास ही बिहार की समृद्धि और रोजगार सृजन का सबसे बड़ा माध्यम है. उन्होंने अधिकारियों को निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने,उद्योगपतियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा नई औद्योगिक इकाइयों को समय पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में मुख्यमंत्री ने‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’के क्षेत्र में बिहार को अग्रणी राज्य बनाने पर जोर दिया. उन्होंने उद्योगों से जुड़ी सभी अनुमतियों और सुविधाओं को सरल,पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का निर्देश दिया ताकि निवेशकों का भरोसा मजबूत हो सके.
उन्होंने ग्राम स्तर पर उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने,एमएसएमई क्षेत्र पर विशेष फोकस करने तथा फूड प्रोसेसिंग,टेक्सटाइल और फार्मा उद्योगों में निवेश बढ़ाने की बात कही. मुख्यमंत्री ने बिहार में टेक्सटाइल इंडस्ट्रियल सेंटर की स्थापना और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत कर युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने पर भी बल दिया.
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने तथा उद्योगों के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उनका मानना है कि इन पहलों से बिहार में निवेश,रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--