Hindi News / मरीज की मौत पर परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

सहरसा के निजी अस्पताल में बवाल : मरीज की मौत पर परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Edited By:  |
saharsa k niji aspatal mein mout par bawal saharsa k niji aspatal mein mout par bawal

सहरसा: शहर के पूरब बाजार स्थित राइस मिल कैंपस में संचालित अनामिका हॉस्पिटल में सड़क दुर्घटना में घायल मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

मरीज को तत्काल ऑक्सीजन नहीं लगाने पर बिगड़ी तबीयत

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मरीज को बीते दिन से ही ऑक्सीजन की कमी महसूस हो रही थी. उन्होंने कई बार अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से ऑक्सीजन लगाने की मांग की, लेकिन अस्पताल कर्मियों द्वारा यह कहकर टाल दिया गया कि मरीज को तत्काल ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है उसे अगले दिन ऑक्सीजन दिया जाएगा.

आक्रोशित परिजनों ने जमकर किया हंगामा

परिजनों का कहना है कि समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण मरीज की हालत बिगड़ती गई और बुधवार को उसकी मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान तोड़फोड़ की भी कोशिश की गई.

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे कई गंभीर सवाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद मामला फिलहाल शांत हुआ. हालांकि, इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस अस्पताल में गंभीर मरीजों का इलाज और बड़े ऑपरेशन नियमित रूप से किए जाते हैं, वहां ऑक्सीजन जैसी बुनियादी और जीवनरक्षक सुविधा की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.