बिहार के युवाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात : 32,388 शिक्षक पदों की अधियाचना BPSC को भेजी,जल्द जारी होगा विज्ञापन
पटना: बिहार के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शिक्षा विभाग ने शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के चौथे चरण (TRE-4) के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इसके साथ ही अब भर्ती प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है और आयोग जल्द ही विज्ञापन जारी कर सकता है।
शिक्षा विभाग द्वारा भेजी गई अधियाचना के अनुसार कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847, कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563, कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 तथा कक्षा 11 से 12 के लिए 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 32,388 रिक्त पदों पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। सबसे अधिक पद माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर के लिए रखे गए हैं।
सम्राट सरकार का कहना है कि इस भर्ती का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर देना है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी रखी जा रही है।
TRE-4 की अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाह आयोग की ओर है। माना जा रहा है कि आयोग आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा, जिसके बाद ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे।
यह भर्ती अभियान राज्य के शिक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी, रिक्त पद भरेंगे और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा। साथ ही बिहार सरकार के रोजगार सृजन और विकसित बिहार के लक्ष्य को भी नई गति मिलेगी।