Hindi News / बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की प्रोन्नति को लेकर राज्यपाल सचिवालय का बड़ा...

BIG NEWS : बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की प्रोन्नति को लेकर राज्यपाल सचिवालय का बड़ा आदेश

Edited By:  |
big news

पटना:बिहार के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से लंबित शिक्षकों की प्रोन्नति (Promotion)के मामलों को लेकर राज्यपाल सचिवालय ने बड़ा कदम उठाया है. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिया गया है कि शिक्षकों की प्रोन्नति से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

राज्यपाल सचिवालय को लगातार ऐसी शिकायतें और आवेदन प्राप्त हो रहे थे,जिनमें शिक्षकों के प्रोन्नति मामलों के वर्षों से लंबित रहने की बात सामने आई थी. इसी को गंभीरता से लेते हुए सचिवालय ने पूर्व में जारी निर्देशों का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को कार्रवाई तेज करने का आदेश दिया है.

पत्र के अनुसार,विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में शिक्षकों की प्रोन्नति से जुड़े सभी लंबित मामलों पर 15 जून 2026 से प्रभावी कार्रवाई शुरू की जाएगी. साथ ही यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी मामलों का नियमानुसार निष्पादन 15 सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए.

राज्यपाल सचिवालय ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है,ताकि योग्य शिक्षकों को समय पर उनका अधिकार मिल सके. माना जा रहा है कि इस फैसले से राज्य के हजारों शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी,जो लंबे समय से प्रोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं.

उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता,जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. अब सभी विश्वविद्यालयों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित प्रोन्नति मामलों का निपटारा किस तरह करते हैं. बिहार के शिक्षकों के लिए यह आदेश एक बड़ी और सकारात्मक खबर के रूप में देखा जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-