BIG NEWS : बिहार में हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा की शुरुआत, 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ
पटना : बिहार में पर्यटन और विमानन क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री ने 'बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' के अंतर्गत 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को प्रतीकात्मक रूप से टिकट प्रदान कर सेवा की शुरुआत कराई. इसके साथ ही पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित स्टेट हैंगर का भी उद्घाटन किया.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL)प्राप्त चार प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को अब राज्य में ही विमानन क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा,बल्कि राज्य में विमानन क्षेत्र का भी विस्तार होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा बिहार के पर्यटन उद्योग को नई पहचान देगी. राज्य के ऐतिहासिक,धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच आसान होगी,जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. इसका सीधा लाभ स्थानीय कारोबार,होटल उद्योग,परिवहन,हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों को मिलेगा.
उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यटन के साथ-साथ रोजगार,निवेश और आर्थिक विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी. बिहार सरकार का उद्देश्य राज्य को आधुनिक पर्यटन और विमानन सुविधाओं से जोड़ते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है.
'पटना जॉय राइड'की शुरुआत और बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में नई आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य के विमानन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. सरकार का विश्वास है कि यह पहल बिहार को पर्यटन और एविएशन सेक्टर में नई पहचान दिलाने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--