BIG NEWS : खगौल सोना लूट कांड मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपियों को दबोचा, 5.4 किलो सोना बरामद
पटना: राजधानी पटना के खगौल इलाके में हुई सनसनीखेज सोना लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पटना पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरनाथ गोपी समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कुख्यात अपराधी अमरनाथ गोपी के पास से 5 किलो 400 ग्राम सोना बरामद किया गया है. यह बरामदगी इस केस की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है, जिससे पूरे गिरोह की कमर टूट गई है. इसके अलावा आरोपियों के पास से 1 लाख 57 हजार रुपये नकद और नौ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. वारदात में इस्तेमाल किए गए चार पहिया और दो पहिया वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है.
इस लूट कांड के बाद पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का भारी दबाव था,जिसे देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया. एसएसपी के निर्देश परSIT, STFऔरSOGकी संयुक्त टीम बनाई गई,जिसने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया.
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पिछले डेढ़ साल से लगातार रेकी कर रहा था. अपराधियों की नजर दानापुर के साथ-साथ पटना के प्रमुख स्वर्ण बाजार बाकरगंज पर भी थी,जहां बड़ी लूट की योजना बनाई जा रही थी.
पुलिस का कहना है कि इस पूरे कांड में 8 से 9 अपराधी शामिल थे, जिनमें से बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. इस मामले के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है. पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है ताकि उन्हें कड़ी सजा दिलाई जा सके.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--