Hindi News / पटना के बेउर में युवक की गोली मारकर हत्या, जमीनी विवाद में रिश्तेदारों...

BIG NEWS : पटना के बेउर में युवक की गोली मारकर हत्या, जमीनी विवाद में रिश्तेदारों पर हत्या का शक

Edited By:  |
big news

पटना : राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच में जुटी गई.

जानकारी के अनुसार,हरनीचक रोड स्थित इलाके में अपराधियों ने आनंद कुमार को गोली मार दी. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार,हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था जिसमें बहुतली राय उर्फ़ जगरनाथ राय और उनका बेटा पिंटू,मंटू उर्फ़ शशांक,बंटी उर्फ़ छबिला और आदर्श के साथ राजू राय और उनकर बेटा भी शामिल बताया जा रहा है. इसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. मृतक की पहचान नत्थूपुर निवासी आनंद कुमार के रूप में की गई है.

घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

फिलहाल पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

इस हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस का दावा है कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--