Hindi News / हड़ताल के बीच पटना नगर निगम का बड़ा फैसला, दैनिक मजदूरी पर होगी...

BIG NEWS : हड़ताल के बीच पटना नगर निगम का बड़ा फैसला, दैनिक मजदूरी पर होगी सफाई व्यवस्था

Edited By:  |
big news

Patna : पटना नगर निगम ने सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. नगर आयुक्त के आदेश पर सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि चयनित मानवबल एजेंसियों द्वारा पर्याप्त कर्मी उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में दैनिक मजदूरी के आधार पर अतिरिक्त मजदूरों की बहाली कर सफाई कार्य जारी रखा जाए.

कार्यालय आदेश के अनुसार, जारी हड़ताल के कारण सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है. निगम ने स्पष्ट किया है कि दैनिक मजदूरों के भुगतान की राशि संबंधित एजेंसी के विपत्र (बिल) से समायोजित की जाएगी.

आदेश में कहा गया है कि स्थानीय बाजारों, मुख्य सड़कों और कचरा परिवहन के लिए आवश्यक वाहनों (चालक सहित) को दैनिक दर पर किराये पर लेकर नियमित रूप से कचरे का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. इन वाहनों का भुगतान भी संबंधित एजेंसियों के बिल से समायोजित किया जाएगा.

नगर निगम ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी, ताकि हड़ताल के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--