BIG NEWS : शिशु की अदला-बदली की शिकायत पर वैशाली डीएम ने सदर अस्पताल के 7 कर्मियों के खिलाफ दिये सख्त कार्रवाई के निर्देश

Edited By:  |
big news

वैशाली: जिले में नवजात शिशु की अदला-बदली से जुड़ी गंभीर शिकायतों के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है. प्राप्त आवेदन में शिशु जन्म से संबंधित तथ्यों पर संदेह व्यक्त किया गया था. इसको लेकर जिलाधिकारी ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं.

जिलाधिकारी के आदेश पर एक उच्चस्तरीय तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है. इस समिति ने संबंधित अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मियों से पूछताछ की,जिसके बाद यह साफ हुआ कि अस्पताल के कर्मचारियों और चिकित्सकों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. जांच में लापरवाही और उदासीनता की पुष्टि हुई.इसके बाद जिलाधिकारी ने 7 कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

इस कार्रवाई के तहत तीन चिकित्सकों का तत्काल स्थानांतरण किया गया,जबकि आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आमजन का विश्वास कायम रखना और स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--