BIG NEWS : पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में 29 एजेंडों पर लगी मुहर
Patna : पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 22वीं साधारण बैठक में शहर के विकास,जलापूर्ति,सफाई व्यवस्था और छठ घाटों से जुड़े कुल 29 एजेंडों को मंजूरी दी गई. बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक में कदमकुआं वेंडिंग जोन का मुद्दा प्रमुखता से उठा. समिति को बताया गया कि वर्तमान में निगम द्वारा वेंडिंग जोन का रखरखाव किया जा रहा है और उसका खर्च भी निगम ही वहन कर रहा है. दुकानों का किराया तय करने से पहले मार्केट सर्वे कराने का निर्णय लिया गया. सर्वे रिपोर्ट अगली बैठक में चर्चा और अंतिम निर्णय के लिए प्रस्तुत की जाएगी.
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में चल रही पाइपलाइन और हाई यील्ड बोरिंग परियोजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट भी पेश की गई. समिति ने परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया. मानसून को देखते हुए स्पॉट रिपेयर कार्यों के लिए विशेष तैयारी करने का निर्णय लिया गया. इसके तहत ड्राइवर,इलेक्ट्रीशियन,निर्माण सामग्री और पहले से तैयार ढक्कन उपलब्ध रखे जाएंगे.
सीवर और मैनहोल से जुड़े कार्यों के लिए“मैनहोल एंबुलेंस”संचालन हेतु मैनपावर एजेंसी के चयन का निर्णय लिया गया. साथ ही दो दिनों के भीतर मॉक ड्रिल कराने का भी निर्देश दिया गया.
बैठक में छठ महापर्व 2025 के दौरान घाटों पर 24 घंटे डबल बैरिकेडिंग व्यवस्था को मंजूरी दी गई. इसके अलावा छठ 2026 को लेकर विभिन्न घाटों पर कराए जाने वाले विकास और सुरक्षा कार्यों की योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--