सिमडेगा : पुलिया नहीं होने पर ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित,स्कूली बच्चों को भी जाना पड़ता जान जोखिम में डालकर
सिमडेगा: जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत बेडाइरगी पंचायत के बेडा इरगी ग्राम स्थित ससन टोली आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. गांव के पास बहने वाले गाढ़ा नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो जाता है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है.
बारिश के दिनों में नाला उफान पर,इसी रास्ते से बच्चे जाते स्कूल
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में नाला उफान पर रहता है,जिससे स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है. गांव के बच्चे स्थानीय विद्यालय के अलावा लगभग 11 किलोमीटर दूर स्थित जितुटोली विद्यालय भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं. ऐसे में बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में हमेशा चिंता बनी रहती है.

तेज बहाव के कारण पशुओं के बह जाने का भी खतरा बना रहता
सिर्फ शिक्षा ही नहीं, पशुपालन भी इस समस्या से प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बैल, बकरियों सहित अन्य मवेशियों को चरगाह तक ले जाने के लिए इसी नाले को पार करना पड़ता है. बारिश के दौरान तेज बहाव के कारण पशुओं के बह जाने का खतरा बना रहता है.
पुलिया निर्माण होने से दूरिया होगी कम
ग्रामीणों ने बताया कि नाले पर पुलिया का निर्माण होने से न केवल ससन टोली का आवागमन सुगम होगा,बल्कि यह मार्ग बाकी पंचायत को भी सीधे जोड़ने का कार्य करेगा.इससे क्षेत्र के लोग तोरपा, खूंटी और रांची जैसे प्रमुख स्थानों तक कम दूरी में पहुंच सकेंगे.
जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीण लॉरेंस कंडुलना ने कशिश को बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिस के मौसम में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिल सके.





