Hindi News / टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा एक्शन, रिशुश्री का करीबी संतोष गिरफ्तार, IAS...

BIG NEWS : टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा एक्शन, रिशुश्री का करीबी संतोष गिरफ्तार, IAS कनेक्शन की जांच तेज

Edited By:  |
big news

पटना: बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाले में विशेष निगरानी इकाई (SVU)ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिशुश्री के करीबी सहयोगी संतोष को गिरफ्तार कर लिया है. संतोष को पटना से हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियों के अनुसार संतोष रिशुश्री की कंपनी‘मातृस्वा’का निदेशक था. इसके अलावा‘रिलायबल’नामक कंपनी भी उसके नाम से संचालित की जा रही थी. जांच में यह भी सामने आया है कि रिशुश्री की पत्नी ऋतंभरा इस कंपनी में निदेशक के रूप में जुड़ी हुई थीं.

जांच एजेंसियों का दावा है कि सरकारी टेंडरों में कथित हेरफेर और प्रबंधन का काम इन कंपनियों के माध्यम से किया जाता था. इन कंपनियों का संचालन सुपौल से होने की जानकारी सामने आई है. संतोष की गिरफ्तारी को पूरे मामले में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है,क्योंकि उसके पास टेंडर नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की अहम जानकारी होने की संभावना है.

दूसरी ओर,प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में भी कई चौंकाने वाले संकेत मिले हैं. जांच के दौरान रिशुश्री और कुछ आईएएस अधिकारियों के बीच कथित संबंधों की जानकारी सामने आई है. इस मामले में आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर और अभिलाषा कुमारी शर्मा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है. वहीं कई अन्य अधिकारी भी जांच एजेंसियों की रडार पर बताए जा रहे हैं.

सूत्रों के अनुसार रिशुश्री के मोबाइल फोन से मिले डेटा ने जांच को नई दिशा दी है. मोबाइल में एक नंबर‘IASभैया’के नाम से सेव मिला है,जिसके बाद एजेंसियां इस संबंध की गहराई से जांच कर रही हैं. अब यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी की भूमिका केवल व्यक्तिगत संपर्क तक सीमित थी या फिर सरकारी प्रक्रियाओं और टेंडर आवंटन को प्रभावित करने में भी किसी प्रकार की भूमिका थी.

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले की परतें खुलने के साथ टेंडर नेटवर्क,प्रभावशाली लोगों की भूमिका और कथित भ्रष्टाचार के बड़े तंत्र का खुलासा हो सकता है. आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे तथा नई गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--