Hindi News / MLC चुनाव पर बोले मांझी-सहयोगी दलों से बेहतर है हमारा प्रदर्शन

'रामजीत मांझी वाटिका' से सियासी संदेश : MLC चुनाव पर बोले मांझी-सहयोगी दलों से बेहतर है हमारा प्रदर्शन

Edited By:  |
ramjeet manjhi vatika se siyasi sandesh ramjeet manjhi vatika se siyasi sandesh

गया जी:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खिजरसराय प्रखंड के अपने पैतृक गांव महकार में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, स्थानीय विधायक रोमित कुमार समेत पार्टी के कई नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरित होकर महकार गांव में 'रामजीत मांझी वाटिका' का निर्माण कराया गया है. विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर यहां करीब 18 पौधे लगाए गए है. उन्होंने कहा कि धरती और मानवता को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है.मांझी ने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है. उन्होंने विश्वास जताया कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को मजबूती देंगे.

इस दौरान पत्रकारों ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) द्वारा एनडीए एमएलसी सीटों की मांग को लेकर सवाल किया. इस पर मांझी ने कहा कि सीटों की मांग करना अलग विषय है, लेकिन उनकी पार्टी का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को जो एक सीट मिली, उस पर जीत हासिल हुई, वहीं आरक्षित सीटों पर भी पार्टी का प्रदर्शन शत-प्रतिशत रहा है.

उन्होंने दावा किया है कि विधानसभा चुनावों में भी पार्टी की जीत प्रतिशत और वोट प्रतिशत कई सहयोगी दलों से बेहतर रहा है. मांझी ने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) गरीबों, महिलाओं, विद्यार्थियों और बेरोजगारों की आवाज उठाने वाली पार्टी है और उसका व्यापक जनाधार है. उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से एक एमएलसी सीट की मांग की गई है.

मांझी ने कहा कि यदि एनडीए उनकी पार्टी को एमएलसी सीट देता है, तो इसका लाभ पूरे एनडीए को मिलेगा. पार्टी गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और जनता को जागरूक करने का काम करती रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य संगठन का विस्तार और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत बनाना है.