BIG BREAKING : सम्राट कैबिनेट की बैठक में 29 एजेंडों पर लगी मुहर, बिहार के 31 बस स्टैंड होंगे हाईटेक
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक पटना स्थित सचिवालय में संपन्न हुई. बैठक में कुल 29 प्रस्तावों पर मुहर लगी है. कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों के मंत्री समेत वरीय अधिकारी शामिल हुए.
बक्सर के भगवान वामन मंदिर के विकास को मंजूरी
बिहार कैबिनेट ने बक्सर स्थित भगवान वामन मंदिर के विकास का बड़ा फैसला लिया है.मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर दिया जाएगा.मंदिर की भूमि को पृथक रूप से चिह्नित कर सुरक्षित रखा जाएगा.परिसर की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा.श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था विकसित की जाएगी.फैसले से मंदिर के समग्र विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
बिहार के 31 बस स्टैंड होंगे हाईटेक
बिहार मंत्रिपरिषद ने राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण एवं समग्र विकास को सैद्धांतिक मंजूरी दी. पीपीपी मॉडल पर विकसित होने वाले इन बस स्टैंडों में पटना,भागलपुर,मुजफ्फरपुर,गया,दरभंगा,पूर्णिया,मुंगेर,कटिहार,सहरसा,नवादा,मधुबनी और किशनगंज समेत कई जिले शामिल हैं. यात्रियों को आधुनिक प्रतीक्षालय,पार्किंग,डिजिटल सेवाएं,बेहतर स्वच्छता और उन्नत यातायात प्रबंधन जैसी सुविधाएं मिलेगी.
बिहार के 1100 श्रद्धालु करेंगे सोमनाथ यात्रा
बिहार मंत्रिपरिषद ने "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की अटूट आस्था" के अवसर पर 20 जुलाई 2026 से दो दिवसीय सोमनाथ यात्रा के आयोजन को मंजूरी दे दी है. इस यात्रा में बिहार के लगभग 1100 श्रद्धालु शामिल होंगे. सरकार ने यात्रा के सफल,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की है.
बिहार में खुलेंगे 5 नए केंद्रीय विद्यालय
बिहार मंत्रिपरिषद ने पूर्णिया,राजगीर,शेखपुरा,मधेपुरा और मधुबनी में 5 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए 5-5 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इन विद्यालयों के खुलने से हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और बेहतर शिक्षण वातावरण का लाभ मिलेगा.
बिहार में विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ
बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है.बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग कार्य संचालन (संशोधन) नियमावली,2026 के प्रारूप को मंजूरी दे दी गई है.इस संबंध में विभाग की ओर से प्रेस नोट जारी किया गया है.नए नियम लागू होने से नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आएगी.राज्य के विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने का मार्ग प्रशस्त होगा.अंगीभूत महाविद्यालयों में भी शिक्षकों की नियुक्ति आसान होगी.लंबे समय से खाली पड़े पदों पर बहाली की प्रक्रिया तेज होगी.उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण का लाभ मिलेगा.शिक्षकों की कमी से जूझ रहे संस्थानों को राहत मिलेगी.
सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया है.संशोधित नियमावली से प्रशासनिक बाधाएं कम होने की संभावना है.विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.उच्च शिक्षा विभाग ने इसे महत्वपूर्ण सुधार बताया है.बिहार में उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए यह बड़ा और अहम निर्णय माना जा रहा है.
बिहार राज्य के पत्थर खनन क्षेत्रों (पत्थर भूखंडों) की बंदोबस्ती ई-नीलामी-सह-निविदा के माध्यम से कराने के लिए नई व्यवस्था स्वीकृत की गई है.
जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन में आकलित वार्षिक खनन योग्य पत्थर की मात्रा के आधार पर न्यूनतम सुरक्षित मूल्य (Minimum Reserve Price)निर्धारित किया जाएगा.प्रथम वर्ष के लिए प्राप्त होने वाली राशि में 25 प्रतिशत वृद्धि कर न्यूनतम सुरक्षित मूल्य तय करने की स्वीकृति दी गई है.इसका उद्देश्य राज्य को अधिकतम राजस्व प्राप्त कराना है.जिला समाहर्ताओं (DMs)को ई-नीलामी हेतु अधिकृत करने से प्रक्रिया में तेजी आएगी और ई-नीलामी शीघ्र संपन्न हो सकेगी.
बीरपुर हवाई अड्डा विस्तार को मिली मंजूरी
बिहार सरकार ने बीरपुर हवाई अड्डे के विकास के लिए अधिग्रहित 88.83 एकड़ भूमि के अतिरिक्त मुआवजे हेतु₹29.57 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी. जिला प्रशासन द्वारा अंतिम रूप से निर्धारित मुआवजा राशि बढ़ने के बाद यह मंजूरी दी गई है. इससे हवाई अड्डा विस्तार परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--