Hindi News / PMCH में अव्यवस्था देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रिंसिपल पर कार्रवाई के...

BIG BREAKING : PMCH में अव्यवस्था देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रिंसिपल पर कार्रवाई के दिए संकेत

Edited By:  |
big breaking

पटना: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH)के दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही देखकर नाराज हो गए.

मंत्री रेडियोलॉजी विभाग के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अस्पताल में समीक्षा बैठक करने पहुंचे थे. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि बैठक स्थल पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था. अस्पताल प्रशासन की इस लापरवाही से मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने तत्काल पीएमसीएच के प्रिंसिपल से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की,लेकिन प्रिंसिपल ने उनका फोन तक नहीं उठाया.

इस घटना को मंत्री ने बेहद गंभीर मानते हुए कहा कि जब राज्य का स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे और संबंधित अधिकारी मौजूद न हों,तो यह प्रशासनिक जवाबदेही पर बड़ा सवाल है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और प्रिंसिपल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

दौरे के दौरान मंत्री काफी देर तक अस्पताल परिसर में रुके और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे बातचीत की. लोगों ने उन्हें दवा नहीं मिलने,इलाज में लापरवाही,पैसे मांगने और अन्य अव्यवस्थाओं की शिकायतें बताईं. शिकायतें सुनने के बाद मंत्री ने माना कि अस्पताल में कई गंभीर गड़बड़ियां हैं,जिन्हें तत्काल सुधारने की आवश्यकता है.

निशांत कुमार ने कहा कि कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं,लेकिन कई कमियां ऐसी हैं जिन्हें अब किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे.PMCHमें हुई यह घटना बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट --