Hindi News / बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IPS और 8 DSP अधिकारियों का...

BIG BREAKING : बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IPS और 8 DSP अधिकारियों का तबादला

Edited By:  |
big breaking

पटना: बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. इस तबादला सूची के तहत कुल 5 आईपीएस अधिकारियों और 8 डीएसपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई है. इस बदलाव को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देखा जा रहा है.

जारी आदेश के अनुसार डीएसपी स्तर पर कई अधिकारियों की नई तैनाती की गई है. गोरेव कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी–II,सदर,पूर्णियाँ में पदस्थापित किया गया है. अनुपेश नारायण को निर्मली,सुपौल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है. विकास कुमार को विशेष कार्य बल,पटना में नियुक्त किया गया है,जबकि गोपाल कृष्ण को मोहानिया,कैमूर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है. कोशल किशोर कमल को अपराध अनुसंधान विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं रंजन कुमार सिंह को यातायात शाखा,पूर्णियाँ में पदस्थापित किया गया है. सुरेश प्रसाद राम और कृष्ण कुमार गुप्ता को विशेष निगरानी इकाई,पटना में स्थानांतरित किया गया है.

उच्च स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. संजय सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा),बिहार,पटना की जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें बजट,अपील एवं कल्याण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. आदित्य कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस–14,पटना का समादेष्टा बनाया गया है और उन्हें आर्थिक अपराध इकाई में ईओ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. आनंद कुमार को पुलिस उप–महानिरीक्षक (सुरक्षा) के साथ-साथ विधि-व्यवस्था का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

इसके अलावा राजेश कुमार को पुलिस अधीक्षक,साइबर अनुसंधान एवं आर्थिक अपराध इकाई,पटना में तैनात किया गया है. वहीं वैभव शर्मा को नवगछिया का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें. इस फेरबदल से पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--