BIG BREAKING : पटना के बेउर जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा निलंबित
पटना : राजधानी पटना से बड़ी खबर है जहां आदर्श केंद्रीय कारा,बेउर के अधीक्षक नीरज कुमार झा को बिहार सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई20जून2026को कारा मुख्यालय और जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम द्वारा बेउर जेल में किए गए निरीक्षण के बाद की गई. जांच में जेल प्रशासन की कार्यशैली से जुड़े कई गंभीर आरोप सही पाए गए.
जांच रिपोर्ट के अनुसार जेल में बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा था. भोजन की गुणवत्ता खराब पाई गई और कई स्थानों पर खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी अनियमितताएं सामने आईं. इसके अलावा बंदियों से अवैध वसूली,वीआईपी बंदियों को विशेष सुविधाएं देने तथा सामान्य बंदियों के साथ भेदभाव किए जाने के आरोप भी जांच में सही पाए गए.
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि किशोर और विचाराधीन बंदियों को कुख्यात अपराधियों के साथ रखा जा रहा था,जिससे उनके मानसिक और शारीरिक शोषण की आशंका बढ़ रही थी. जेल के अभिलेखों और रजिस्टरों का संधारण भी नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया. जांच के दौरान अधीक्षक पर जांच टीम को पर्याप्त सहयोग नहीं देने और जेल प्रशासन पर प्रभावी नियंत्रण रखने में विफल रहने का आरोप भी लगा.
सरकार ने इन गंभीर अनियमितताओं को प्रशासनिक विफलता,अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण,नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005के तहत नीरज कुमार झा को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विशेष केंद्रीय कारा,भागलपुर निर्धारित किया गया है. साथ ही उनके विरुद्ध अलग से विभागीय कार्रवाई चलाने का भी निर्णय लिया गया है.
इस बीच जेल प्रशासन के कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए सहायक कारा महानिरीक्षक (क्षेत्र) राजीव कुमार को आदर्श केंद्रीय कारा,बेउर के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह कार्रवाई बिहार की जेल व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--