Hindi News / पटना के मनेर में मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने 21 अभियुक्तों...

BIG BREAKING : पटना के मनेर में मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने 21 अभियुक्तों को दबोचा

Edited By:  |
big breaking

पटना : बड़ी खबर पटना से है जहां मनेर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 5 महिलाओं समेत कुल 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 4 विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है.

बताया जा रहा है कि यह घटना 26 मार्च 2026 की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि छितनावां गांव के पास दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग हो रही है. घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर मनेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए 25 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 16 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 नाबालिग शामिल हैं. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस और 7 खोखा बरामद किया गया. जांच में सामने आया कि यह विवाद बच्चों के आपसी झगड़े से शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग शुरू हो गई. इस घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज पीएचसी मनेर में चल रहा है. फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है.

दानापुर से अभय राज की रिपोर्ट--