BIG BREAKING : बिहार के युवाओं से संवाद, जन्मभूमि की समृद्धि में योगदान का सीएम सम्राट चौधरी ने किया आह्वान
पटना : LNMIद्वारा आयोजित“आगाज-2026”इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने नए विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की युवा शक्ति राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत है. युवाओं में प्रतिभा,ऊर्जा और नई सोच की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि इन क्षमताओं का उपयोग बिहार के विकास और समाज के निर्माण में किया जाए.

उन्होंने बिहार के युवाओं से विशेष आह्वान किया कि वे अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहें और शिक्षा एवं कौशल हासिल करने के बाद बिहार की समृद्धि में अपना योगदान जरूर दें. उन्होंने कहा कि बिहार का भविष्य यहां के युवाओं की प्रतिभा और उनके संकल्प पर निर्भर करता है.

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन,नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी को भी जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल बिहार और देश के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे.
“आगाज-2026”कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया और शिक्षा,रोजगार,तकनीक तथा बिहार के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है. ऐसे में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें,बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी योगदान दें.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा. मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--