BIG BREAKING : गांवों में 1200 टैक्स का मंत्री दीपक प्रकाश ने किया विरोध, बोले- बिहार अभी तैयार नहीं
पटना: बिहार के गांवों में हर घर से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूली के प्रस्ताव पर सियासत गरमा गई है. पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध करते हुए कहा कि बिहार अभी ऐसी व्यवस्था लागू करने की स्थिति में नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है,लेकिन इसका बोझ आम लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए.
मंत्री ने बताया कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए टैक्स वसूली का सुझाव दिया गया है. हालांकि उन्होंने इस शर्त पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि बिहार जैसे राज्य में फिलहाल हर घर से 1200 रुपये वार्षिक टैक्स लेना व्यावहारिक नहीं है. सरकार की कोशिश रहेगी कि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े.
प्रस्ताव के अनुसार टैक्स के बदले गांवों में पेयजल,साफ-सफाई,स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की योजना है,ताकि पंचायतें आर्थिक रूप से मजबूत होकर विकास कार्यों को गति दे सके.
इस दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव समय पर होंगे और परिसीमन के बिना ही चुनाव कराए जाएंगे. हाल के दिनों में चुनाव टलने की अटकलों के बीच मंत्री के इस बयान से स्थिति स्पष्ट हो गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-