धनबाद : सरकारी स्कूल में शौचालय का छज्जा गिरने से छात्र गंभीर,भ्रष्टाचार की खुली पोल
धनबाद: जिले के पूर्वी टुंडी में एक सरकारी स्कूल में भ्रष्टाचार के खेल ने मासूम बच्चे की जान को आफत में डाल दिया है.बरतोल उत्क्रमित मध्य विद्यालय में महज चार दिन पहले बने नए शौचालय का छज्जा अचानक से गिर गया. इस हादसे में स्कूल का एक छात्र मलबे में दब गया,छात्र की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल उठा रहे हैं. सरकारी पैसों के बंदरबांट ने किसी के जान पर आफत आ गई.
यह तस्वीरें धनबाद के पूर्वी टुंडी प्रखंड क्षेत्र के बरतोल उत्क्रमित मध्य विद्यालय की हैं. स्कूल में पंचायत समिति के जरिए एक नए शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था. अभी निर्माण कार्य खत्म हुए चार दिन भी नहीं बीते थे कि अचानक शौचालय का भारी-भरकम छज्जा सीधे छात्र गोर हरि दत्ता पर गिर गया.
छात्र के मलबे के नीचे दबने के बाद चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में शिक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर खून से लथपथ बच्चे को बाहर निकाला गया. ग्रामीणों ने तुरंत उसे लेकर पास के एक निजी अस्पताल भागे,जहां डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
इस घटना ने ग्रामीणों के सब्र का बांध टाट गया.ग्रामीण इस बात से बेहद नाराज हैं कि शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल को भी ठेकेदारों और संवेदकों ने अपनी कमाई का जरिया बना लिया. घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की वजह से आज एक मासूम जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि पंचायत समिति और संवेदक की मिली भगत से सरकारी संपत्ति का खुलेआम दुरुपयोग किया गया है. अब देखना यह होगा कि इस जानलेवा लापरवाही के जिम्मेदार चेहरों पर प्रशासन कितनी कार्रवाई करती है.
जाहिर है, इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है. अगर समय रहते ऐसी भ्रष्ट पंचायत समितियों और ठेकेदारों पर नकेल नहीं कसी गई, तो न जाने कितने और मासूम इसके शिकार होंगे.





