BIG BREAKING : अवैध बालू खनन के खिलाफ ED ने की बड़ी कार्रवाई, देशभर के 8 ठिकानों पर की छापेमारी
पटना : बिहार में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 131 करोड़ रुपये से अधिक के कथित अवैध खनन मामले में देशभर के आठ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. ईडी की पटना जोनल टीम ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA)के तहत शुरू की है. छापेमारी बिहार के बांका और पटना के अलावा दिल्ली-एनसीआर तथा राजस्थान के जयपुर और श्रीगंगानगर स्थित परिसरों में की गई.
ईडी की जांच महादेव एनक्लेव प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में चल रही है. जांच एजेंसी के अनुसार,कंपनी का संचालन राजस्थान के चंदक परिवार द्वारा किया जाता है. आरोप है कि वित्त वर्ष 2015-16 से 2022-23 के बीच कंपनी ने बांका जिले में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया,जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ. ईडी का दावा है कि इस अवधि में 131 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बालू का अवैध खनन किया गया.
जांच के दौरान ईडी ने आईआईटी पटना से बांका जिले के बालू घाटों का जियोस्पेशियल विश्लेषण कराया था. रिपोर्ट में कथित अवैध खनन की पुष्टि होने के बाद एजेंसी ने कार्रवाई तेज कर दी. इसके आधार पर संबंधित जानकारी बिहार स्टेट माइनिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड को भी भेजी गई. बाद में खान एवं भूविज्ञान विभाग की एफआईआर के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया.
फिलहाल ईडी की टीम विभिन्न ठिकानों से दस्तावेज,डिजिटल रिकॉर्ड,बैंक लेनदेन से जुड़े साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जुटाने में लगी है. एजेंसी ने अभी तक किसी गिरफ्तारी या जब्ती की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. हालांकि माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं. बिहार में अवैध बालू खनन के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--