भाकपा नेता रामस्वरूप पासवान का निधन : गोड्डा सदर अस्पताल में ली अंतिम सांस,पार्टी ने जताया शोक
रांची: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य एवं गोड्डा जिले में मजदूरों की सशक्त आवाज रहे कॉमरेड रामस्वरूप पासवान का गुरूवार को गोड्डा सदर अस्पताल में निधन हो गया. वे लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, लेकिन बीमारी के बावजूद पार्टी के हर कार्यक्रम में वे सक्रिय भागीदारी निभाते रहे.
कॉमरेड पासवान के निधन पर भाकपा झारखंड राज्य परिषद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है. उनके सम्मान में पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा झुका दिया गया है.
भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक एवं रांची जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने शोक संदेश में कहा कि कॉमरेड रामस्वरूप पासवान का निधन संथाल परगना में पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है. वे हमेशा मजदूरों-किसानों के हक के लिए संघर्ष की अगली पंक्ति में खड़े रहे.
पार्टी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है.