बड़ी सफलता : सुरक्षा बलों ने भारत-नेपाल सीमा पर बांग्लादेशी नागरिक को किया गिरफ्तार
रक्सौल: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक और मैत्री पुल के समीप से एक बांग्लादेशी नागरिक को उस समय धर-दबोचा,जब वह अवैध रूप से भारतीय सीमा को पार कर नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था.
पकड़े गए विदेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद श्याम हुसैन,उम्र28वर्ष,पिता-गियासुद्दीन,निवासी- बरोएगांव,थाना- श्रीनगर,जिला-मुंशीगंज,ढाका,बांग्लादेश के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार उक्त बांग्लादेशी नागरिक बिना किसी वैध दस्तावेज और वीजा के लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रह रहा था. सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक वह सीमा पर कड़ी चौकसी को चकमा देकर मैत्री पुल के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था. इसी दौरान कस्टम चौक के पास गश्त कर रही एसएसबी की टीम को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ. जब रोककर पूछताछ की गई,तो वह भारत में रहने या सीमा पार करने से जुड़े कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका.
एसएसबी टीम ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक को अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय हरैया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. इस संबंध में पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामला विदेशी नागरिक के अवैध प्रवास और अंतरराष्ट्रीय सीमा के उल्लंघन से जुड़ा है,इसलिए हरैया थाना पुलिस द्वारा उससे गहन पूछताछ और जांच-पड़ताल की जा रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह भारत में कहां-कहां रहा और उसके मददगार कौन थे. जांच पूरी होने के बाद कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रक्सौल से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट-