बड़ी सफलता : पुलिस ने ताराचक गोलीकांड मामले में 12 आरोपियों को हथियार के साथ दबोचा
Patna : बड़ी खबर पटना से है जहां दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर 12 आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
बताया जा रहा है कि 7 जून की रात करीब 10 बजे ताराचक में आपसी विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई थी. इस दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य संकलित किए. वहीं पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस ने मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर दानापुर थाना कांड संख्या 629/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में सहायक पुलिस अधीक्षक दानापुर और थानाध्यक्ष दानापुर की देखरेख में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.
पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने महज 12 घंटे के भीतर घटना में शामिल 12 मुख्य आरोपियों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
बरामद सामान में एक देशी पिस्टल,पांच जिंदा कारतूस,तीन मोटरसाइकिल और नौ मोबाइल फोन शामिल हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य संदिग्धों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम
उत्कर्ष कुमार,दीपक कुमार,जयन्त कुमार,हर्ष कुमार,शांतनु कुमार,रिशु कुमार,शिवरंजन कुमार,शुभम कुमार,प्रिंस कुमार,आशुतोष कुमार,बादल कुमार,सोनू कुमार है.
दानापुर से अभय राज