Hindi News / मंत्री के पूर्व पीए पर साइबर थाने में FIR दर्ज

अशोक चौधरी का X हैंडल हैक करने की कोशिश : मंत्री के पूर्व पीए पर साइबर थाने में FIR दर्ज

Edited By:  |
ashok choudhary k x handle se chedchad

पटना:बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस संबंध में पटना के साइबर क्राइम थाने में मंत्री के पूर्व निजी सहायक (पीए) निशांत केतु झा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।

पहले निशांत केतु झा करते थेएक्स अकाउंट का संचालन

मंत्री अशोक चौधरी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट का संचालन पहले निशांत केतु झा किया करते थे। हालांकि, वर्तमान में उनका मंत्री कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद अकाउंट से जुड़ी मुख्य ईमेल आईडी और कुछ महत्वपूर्ण एक्सेस अब भी उनके नियंत्रण में बने हुए हैं।

अकाउंट का एक्सेस वापस देने के बदले पैसे की मांग भी की

शिकायत के अनुसार, मंत्री कार्यालय द्वारा अकाउंट की पूरी पहुंच वापस लेने की कोशिश की गई, लेकिन इस दौरान कई तकनीकी बाधाएं सामने आईं। आरोप है कि अकाउंट का एक्सेस वापस देने के बदले पैसे की मांग भी की गई। इसके बाद पूरे मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की गई।

डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित तकनीकी दस्तावेजों की होगी जांच

पटना साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वास्तव में सोशल मीडिया अकाउंट की सेटिंग्स में अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया और क्या किसी प्रकार की आर्थिक मांग की गई थी। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित तकनीकी दस्तावेजों की भी पड़ताल की जाएगी। यह मामला सोशल मीडिया अकाउंट्स की सुरक्षा और सरकारी पदाधिकारियों के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।