रोसड़ा की मोतीपुर पंचायत को मिलेगा नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार, बिहार की एकमात्र पंचायत को मिलेगा यह सम्मान

Edited By:  |
9884

ROSEDA (SAMSTIPUR) : प्रखंड की मोतीपुर पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार के लिए चुना गया है। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से चयन से संबंधित पत्र 21 अप्रैल को जारी किया गया है, जिसमें बिहार की एकमात्र पंचायत रोसड़ा प्रखंड के मोतीपुर का नाम शामिल है।

राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिलने की जानकारी से ही पंचायत के लोग झूम उठे हैं। मुखिया प्रेमा देवी सहित मोतीपुर पंचायत एवं रोसड़ा शहर के लोगों में खुशी का माहौल है। इस पंचायत के चयन में मुखिया प्रेमा देवी के विकास कार्य बड़ी भूमिका है। इस पंचायत में विकास की रफ्तार देखकर ही इसका चयन किया गया है। मुखिया प्रेमा देवी ने बताया कि वर्ष 2016 में जब वह मुखिया बनीं तो उन्हें काफी भय लग रहा था कि कैसे वह अपने पंचायत का विकास करेंगी।

लेकिन, पति रंजीत साहनी के सहयोग से उन्होंने पंचायत के हर वर्ग के लोगों का विकास किया है।
गांव में घर-घर नल-जल, बिजली, रसोई गैस सहित सभी सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। मुखिया प्रेमा देवी ने बताया कि वह पंचायत के हर महिला के उत्थान एवं आत्मबल बढ़ाने को लेकर लगातार कार्य करतीं आ रहीं हैं। आगे भी इसी तरह का विकास कार्य करती रहूंगी। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी।