Bihar News : गया पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 3 लाख का इनामी नक्सली ने किया सरेंडर


गया। बिहार के गया में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात नक्सली अखिलेश सिंह भोक्ता ने पुलिस के समक्ष सेमी ऑटोमेटिक राइफल के साथ समर्पण कर दिया है। इसके ऊपर 3 लाख का इनाम रखा गया है। इस कुख्यात नक्सली के समर्पण के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। नक्सली अखिलेश सिंह भोक्ता पर 17 से भी ज्यादा मामले थाने में दर्ज हैं।
इस संबंध में एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि अखिलेश सिंह भोक्ता ने सेमी ऑटोमेटिक राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया है। वह मगध प्रमंडल का सब जोनल कमांडर था। लगभग 17 नक्सली कांड में वह वांछित आरोपी था। उस पर 3 लाख का इनाम घोषित था। उसके के खिलाफ विगत कई दिनों से नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा था, जिसके तहत यह सफलता हाथ लगी है।
वही एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि अखिलेश ने 60 जिंदा आईईडी के बारे में पुलिस को जानकारी दी, जिसे ढूंढ कर नष्ट कर दिए गया है। सभी आईईडी जंगल व पहाड़ के रास्ते मे उसके द्वारा प्लांट किए गए थे। उन्होंने बताया कि ये वही अखिलेश है, जो मगध जोन में सब-जोनल कमांडर बन चुका था। अखिलेश ने पहली बड़ी नक्सली वारदात 2017 में अंजाम दी थी। उसके बाद से वह लगातार घटनाओं को अंजाम देता रहा। 2025 में गया जिले के छकरबंधा स्थित अपने गांव कचनार में उसने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि गया, औरंगाबाद, और मदनपुर के जंगलों में वह संगठन के लिए ऑपरेशन चलाता था। आईईडी विस्फोट से लेकर हत्या और पुलिस पर हमलों तक से जुड़े हर मोर्चे पर सक्रिय था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उस पर कुल 17 से अधिक नक्सली घटनाओं में केस दर्ज है।
एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि सरकार आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत अखिलेश को सभी लाभ मिलेंगे। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि कहीं और विस्फोटक या हथियार तो नहीं छिपाए गए है।