20 नवंबर को बिहार को बड़ी सौगात : पीएम मोदी करेंगे सकरी-रैयाम चीनी मिलों का शिलान्यास,दो साल में होगा उत्पादन शुरू
पटना:बिहार में बंद पड़ी सकरी और रैयाम चीनी मिलों के पुनर्जीवन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर 2026 को इन दोनों चीनी मिलों के पुनर्स्थापना कार्य का शिलान्यास करेंगे.इसके साथ ही राज्य सरकार ने बिहार में चीनी उद्योग को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य तय किया है।
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने दी जानकारी
बुधवार को सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने बताया कि सरकार राज्य में चीनी उद्योग के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उनका कहना है कि बंद पड़ी मिलों के दोबारा शुरू होने से गन्ना किसानों को अपनी फसल का बेहतर बाजार मिलेगा, उनकी आय में वृद्धि होगी और हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
चीनी मिलों का शिलान्यास के बाददो वर्षों के अंदर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य
गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सकरी और रैयाम चीनी मिलों का शिलान्यास होने के बाद एक से दो वर्षों के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकार समानांतर रूप से गन्ना उत्पादन क्षेत्र बढ़ाने पर भी विशेष जोर दे रही है। किसानों को अधिक से अधिक गन्ने की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि मिलों को पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल उपलब्ध हो सके।
बिहार में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी
सरकार का मानना है कि नई चीनी मिलों की स्थापना और पुरानी मिलों के पुनरुद्धार से बिहार में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, किसानों की आमदनी बढ़ेगी और राज्य में निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। चीनी उद्योग के पुनर्जीवन को बिहार के कृषि और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।