Hindi News / सीसीएल ने बच्चों में जगाई पर्यावरण संरक्षण की चेतना, चित्रकला-स्लोगन लेखन एवं निबंध...

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 : सीसीएल ने बच्चों में जगाई पर्यावरण संरक्षण की चेतना, चित्रकला-स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन

Edited By:  |
vishwa paryawaran diwas-2026

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में पर्यावरण विभाग द्वारा बच्चों के लिए चित्रकला,स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इस वर्ष की वैश्विक थीम "प्रकृति से प्रेरित,जलवायु के लिए,हमारे भविष्य के लिए" के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था.

प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने अपने चित्रों,स्लोगनों एवं निबंधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण,जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता,जैव विविधता संरक्षण तथा सतत जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचारों एवं चिंताओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया.

कार्यक्रम में निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों के बीच पर्यावरणीय चेतना विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही कल के सतत एवं हरित भविष्य की आधारशिला है. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में बच्चों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.

यह आयोजन युवा प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का एक सशक्त मंच प्रदान करने के साथ-साथ पृथ्वी की रक्षा एवं सतत विकास के लिए सामूहिक उत्तरदायित्व के संदेश को भी सुदृढ़ करता है.

गौरतलब है कि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 05 जून, 2026 को सीसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा.