रांची :लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान भी उपस्थित रहे. बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति प्रदान करने, संगठनात्मक मजबूती, झारखंड सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध जिला स्तर पर आंदोलन चलाने तथा पार्टी की भावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि झारखंड में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने हेतु प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान जी को आगामी अवसर पर राज्यसभा सदस्य हेतु या बिहार में होने वाले विधान परिषद चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का आधिकारिक उम्मीदवार बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जी के समक्ष भेजा जाए.
इसके अतिरिक्त निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा कर संगठन में सक्रिय एवं योग्य कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपने, झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में भोजपुरी, मगही एवं अंगिका भाषाओं को शामिल करने हेतु मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करने, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के पृथक गठन हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रस्ताव भेजने, प्रदेश कार्यसमिति में सभी प्रमंडलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रमंडल में पृथक प्रभारी नियुक्त करने संबंधी विषयों पर भी चर्चा एवं निर्णय लिया गया.
बैठक में पार्टी के अनुशासन को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं अनुशासनहीनता में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने पर भी सहमति व्यक्त की गई.
बैठक में उपस्थित कार्यसमिति पदाधिकारियों में रामजी पासवान, उमेश तिवारी, बेलाल खान, आशा राय, कपिल पासवान, आदित्य विजय प्रधान, प्रमोद सिंह, रामसेवक पासवान, शिवजी, रतन पासवान, हाफिजुल हसन, जी.पी. सिंह, अभिषेक राय, राजेश वर्मा, आनंद पांडेय, सुरेंद्र राय, संजीत द्विवेदी आदि उपस्थित थे.
