वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख का चेक : सीएम ने कहा-बिहार के बेटे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से किया अंतर्राष्ट्रीय मुकाम हासिल
पटना:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लाल और अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को सीएम आवास पर विशेष रूप से सम्मानित किया. सीएम ने वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख का चेक और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. सीएम ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रौशन किया है.
'भारतीय टीम के लिए रचें नया कीर्तिमान'
मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 में भारत की जीत में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी महत्वूपर्ण भूमिका निभाई है. वैभव अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बने हैं. सीएम ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचे और देश का नाम रौशन करें.
सरकार हरसंभव करेगी सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह से बेहतर क्रिकेट खेलकर राज्य एवं देश का नाम रौशन करें. राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है. खिलाड़ियों को सरकार प्रोत्साहित करते हुए उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करा रही है. नीतीश कुमार ने कहा कि आप आगे बढ़ते रहिये, सरकार आपको हरसंभव सहयोग करेगी. हम सब लोगों के लिए यह प्रसन्नता की बात है कि बिहार के बेटे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतर्राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है. जो कि बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं.
सीएम आवास पर तमाम अतिथि मौजूद
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि राकेश तिवारी, क्रिकेट खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी, भाई उज्ज्वल एवं आशीर्वाद सूर्यवंशी और अभिजीत डिसूजा उपस्थित रहे.