यूके के प्रियरंजन जमशेदपुर में फंसे : शादी में शामिल होने के बाद लौटने के दौरान फ्लाइट रद्द,परिवार की सता रही चिंता
रांची : खाड़ी देशों में इन दिनों ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने मुश्किलें बढ़ा दी है.पश्चिम एशिया ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच छिड़ी जंग में यूके के मैनचेस्टर में होटल इंडस्ट्री के प्रियरंजन जमशेदपुर में फंस गए हैं. वे अपनी भगिनी की शादी में शामिल होने 18 फरवरी को जमशेदपुर आए थे. 20 फरवरी को भगिनी की शादी में शामिल होने के बाद वे अपने पैतृक गांव बिहार के सहरसा जिले स्थित चैनपुर चले गए थे. गांव पहुंचकर उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की और आशीर्वाद लिया. फिर तीन मार्च को जमशेदपुर लौटे. चार मार्च को उन्होंने अपने पुराने दोस्तों के साथ होली खेली और पुरानी यादें ताजा की.
09 मार्च को प्रियरंजन का कोलकाता से दोहा होते हुए मैनचेस्टर के लिए उनकी वापसी का टिकट किया हुआ था, लेकिन 07 मार्च को उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि फ्लाइट रद्द कर दिया गया है. संबंधित एयलाइंस ने सुरक्षा कारणों और मिडिल ईस्ट में हवाई क्षेत्र के असुरक्षित होने का हवाला देते हुए उड़ानें रद्द कर दी है. पिछले 20 वर्षों से यूके में रह रहे प्रियरंजन को पूरे परिवार का चिंता सता रहा है.
जमशेदपुर में फंसे प्रियरंजन ने बताया कि वहां उनकी पत्नी और बच्चे अकेले हैं. युद्ध के कारण विमानों का उड़ान भी अनिश्चित है. मां से मिलना, दोस्तों के साथ होली खेलना ये सब प्लानिंग के अनुसार था. अब सात समंदर पार परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है. जमशेदपुर में जन्मे और पले-बढ़े प्रियरंजन मैनचेस्टर पहुंचने के लिए लगातार एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंटों से संपर्क कर रहे हैं.